एडीओ पंचायत बांसी अजय राय को ज्ञापन सौंपते भाकियू के पदाधिकारी। स्रोत विज्ञप्ति
बांसी। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत मंगलवार को बांसी ब्लॉक परिसर में हुई। इसमें किसानों और ग्रामीणों ने गांवों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। पंचायत के बाद पांच सूत्रीय मांगपत्र खंड विकास अधिकारी को संबोधित करते हुए एडीओ पंचायत अजय राय को सौंपा गया।
मांगपत्र में ग्राम पंचायत गोनहाडीह में मिनी सचिवालय तक अधूरी पड़ी सीसी सड़क का निर्माण पूरा कराने और इसकी समयसीमा बताने की मांग की गई। इसके अलावा ब्लॉक क्षेत्र के क्षतिग्रस्त सामुदायिक शौचालयों की जांच कराकर मरम्मत कराने तथा काम नहीं करने वाले केयरटेकरों को हटाने की मांग की गई।
गोनहाडीह और सतवाड़ी में पात्र लाभार्थियों की आवास सूची उपलब्ध कराने और ग्राम पंचायत सचिव श्रद्धा श्रीवास्तव को पंचायत में बुलाकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने की भी मांग की गई।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष संपूर्ण, हरिभान चौधरी, रहमत अली, अनिल कुमार और अरविंद शुक्ल आदि मौजूद रहे।