शहर के हाइडील तिराहे पर होगा बैरिकेडिं।
सिद्धार्थनगर। अगर आप दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन करने या प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर से गुजरने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले यातायात डायवर्जन के बारे में जरूर जान लें। प्रतिदिन शाम छह बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जाएगा।
ऐसे में बांसी तिराहा, हाइडिल तिराहा, सोहांस स्टैंड, सनई चौराहा और तहसील गेट के आसपास रास्ता बदलना पड़ सकता है। यह व्यवस्था विसर्जन तक लागू रहेगी।
यातायात उपनिरीक्षक अजय सिंह यादव ने बताया कि यातायात व्यवस्था के तहत बांसी तिराहे से शहर की ओर छोटे और बड़े वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। हाइडिल तिराहे से भी शहर की ओर बड़े वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। सोहांस स्टैंड के पास शाम छह बजे से छोटे और बड़े वाहनों के शहर की ओर जाने पर रोक लगाई जाएगी। सनई चौराहे पर बड़े वाहनों के लिए बैरिकेडिंग रहेगी, जबकि यहां से छोटे वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा।
तहसील गेट से पैदल सफर : तहसील गेट से बाइक और कार चालकों को आगे पैदल जाना होगा। प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर 19 और 20 अक्तूबर को भी जुलूस मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था का ध्यान रखें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।