उसका बाजार। हिंदू समाज की बंधुता, परस्पर प्रेम, सहयोग तथा स्वाभिमान के लिए हिंदू सम्मेलन का आयोजन ब्लॉक सभागार में रविवार को किया गया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक विशाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति बचाने के लिए हिंदू समाज की एकजुटता जरूरी है। राष्ट्र को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने के लिए हम सभी को जाति-पाति का भेद मिटाकर सनातन संस्कृति पर चलना होगा।
कहा कि हिन्दू समाज के संगठित होने से राष्ट्र मजबूत बनेगा और सांस्कृतिक मूल्यों व परंपराओं की रक्षा होगी। धर्मांतरण को एक बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि समूचे समाज को एकजुट होकर इसका सामना करना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपनी संस्कृति, मातृभाषा, भेष-भूषा और वर्षों पुरानी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया। कहा कि हमें अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों पर भी ध्यान देना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कथावाचक आचार्य संतोष और विशिष्ट अतिथि प्राची शुक्ला ने कहा कि वर्तमान में हिंदू समाज को सशक्त एवं सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। हिंदू समाज धीरे-धीरे अल्पसंख्यक होता जा रहा है, इसलिए हिंदू समाज को एक होना होगा। इस अवसर पर हेमंत जायसवाल, आशीष शुक्ला, रामेश्वर पांडेय, बिंदुमती मिश्रा, रामसुरेश चौहान, महेंद्र उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।