- प्रदेश के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ
- मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया शुभारंभ, लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी सब्सिडी
सिद्धार्थनगर। दिवाली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त रसोई गैस सिलिंडर देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन सभागार से योजना का शुभारंभ किया। इसका सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर सभागार में किया गया। यहां 10 लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक वितरित किए गए। योजना के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ लाभार्थी परिवारों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को रसोई के धुएं से होने वाली आंखों और फेफड़ों की बीमारियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से उज्ज्वला योजना शुरू की थी। इसके तहत गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। प्रदेश सरकार ने दिवाली और होली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त रसोई गैस सिलिंडर देने का निर्णय लिया है। इसके तहत सिलिंडर की सब्सिडी की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की मौजूदगी में चेक दिए गए। कार्यक्रम में विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है। केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान और उनके जीवन को सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने पात्र परिवारों को प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम मुफ्त राशन दिए जाने की जानकारी भी दी।
सांसद डुमरियागंज के प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। महिलाओं के नाम पर आवास, शौचालय और गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके सम्मान को बढ़ाने का प्रयास किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जनपदवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्ति निरीक्षक और उज्ज्वला योजना की लाभार्थी मौजूद रहीं।