भारत-नेपाल सीमा बढ़नी में 160 किलो सूखी मछली के साथ दो नेपाली नागरिक पकड़े गए। स्रोत विज्ञप्त
ढेबरूआ। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के महादेव बुजुर्ग कैंप के जवानों ने बुधवार रात कार्रवाई की। सीमा क्षेत्र में गश्त के दौरान जवानों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो नेपाली नागरिकों को रोककर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार बोरियों में करीब 160 किलोग्राम सूखी मछली बरामद हुई। मौके से दो मोटरसाइकिल भी मिलीं। सामान से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर एसएसबी ने दोनों आरोपियों को बरामद सामान और वाहनों समेत कस्टम कार्यालय बढ़नी को सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी के अनुसार, 17 सितंबर की रात महादेव बुजुर्ग कैंप के जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से सामान लेकर जाते दिखाई दिए। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर जवानों ने उन्हें रोक लिया।
पूछताछ के बाद मोटरसाइकिल पर रखी बोरियों की जांच की गई तो उनमें सूखी मछली मिली। चारों बोरियों का वजन कराने पर कुल वजन करीब 160 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान नेपाल के कृष्णानगर निवासी रामकुमार रैदास और दीपक के रूप में हुई। एसएसबी ने उनसे बरामद सूखी मछली को सीमा पार ले जाने से संबंधित दस्तावेज मांगे लेकिन आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद जवानों ने बरामद सामान को जब्त करते हुए दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान जवानों ने बरामद सूखी मछली, दोनों मोटरसाइकिल और दोनों नेपाली नागरिकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय बढ़नी के अधिकारियों को सौंप दिया। अब अन्य बिंदुओं की जांच कस्टम विभाग की ओर से की जा रही है।