खुनुवां (सिद्धार्थनगर)। नेपाल के मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से छह किलो गांजा के साथ दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों थाईलैंड से मलयेशिया होते हुए नेपाल पहुंचे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा के अलावा दो पासपोर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के अयोध्या और दूसरा उत्तराखंड का रहने वाला है। मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो, कोटेश्वर के अनुसार त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात पुलिस टीम विदेश से मादक पदार्थ लेकर आने वाले लोगों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान थाईलैंड से मलेशिया होते हुए बेटिक एयर की उड़ान संख्या ओडी-182 से नेपाल पहुंचे दो यात्रियों पर संदेह हुआ। जांच और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से छह किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित नियावां रोड, रेकाबगंज निवासी 39 वर्षीय आलम शहबाज और उत्तराखंड के काशीपुर, ऊधमसिंह नगर निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद शारिक के रूप में हुई है। दोनों के पास से छह किलो गांजा, दो पासपोर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। ब्यूरो ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के प्रवक्ता प्रहरी नायब उपनिरीक्षक जीवन निरौला ने बताया कि बरामद गांजा और अन्य सामान कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों के नेपाल आने के उद्देश्य और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।