पथरा। स्वतंत्रता दिवस पर शराब की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से शराब बेच रहे दो आरोपियों को पथरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 16 शीशी और 12 पाउच देसी शराब बरामद की है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसओ ओमप्रकाश मिश्र के अनुसार 15 अगस्त की शाम करीब 8:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दयालपुर निवासी सुरेश भग्गोभार गांव के पास नहर पर बोरे में देसी शराब रखकर बेच रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास से 16 शीशी देसी शराब बरामद हुई। शराब से संबंधित वैध कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पथरा किशुनपुरवा मार्ग स्थित पथरा ताल के बंधे पर 15 अगस्त सांय 8:50 पर छापा मारा।
यहां भग्गोभार गांव निवासी रामकला मौर्या को शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से बोरे में रखे 12 पाउच देसी शराब बरामद हुई। एसओ ने बताया कि दोनों आरोपी बिना वैध कागजात के शराब बेच रहे थे। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।