डुमरियागंज/औराताल। क्षेत्र में पिछले एक पखवारे के बाद बृहस्पतिवार को सुबह की शुरुआत के साथ ही सूरज के दर्शन हुए। हल्की और थोड़ी देर तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। लोग घरों के छत पर और परिसर में बैठकर धूप का आनंद उठाया।
डुमरियागंज नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले एक पखवारे से हो रहे कोहरे और पड़ रही ठंड के बीच बृहस्पतिवार को सुबह करीब 9 बजे सूरज के दर्शन हुए और पहले हल्की और थोड़ी देर के लिए तेज धूप भी निकली तो लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के मरवटिया, कैथवलिया, भलवाही, संगवार, सोनबरसा, मेंही, कौनकटी सहित क्षेत्र के कई गांव में लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, हल्की धूप के बीच गलन बनी रही व दिन में बीच-बीच में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बृहस्पतिवार को बुधवार की अपेक्षा ठंड कुछ कम रही सूर्य की तपिश में थोड़ी गर्माहट आई तो लोग छतों पर पहुंच गए, पर हवा के कारण अधिक देरी तक छत पर समय नहीं बिता सके। दोपहर दो से तीन बजे के बीच मौसम काफी अच्छा रहा। डुमरियागंज स्थित कचहरी के बाहर तथा रोडवेज के बाहर और डुमरियागंज ब्लॉक परिसर में लोग खिली धूप में बैठकर आनंद लेते नजर आए।