खेसरहा। ब्लॉक सभागार में शनिवार को प्रमुख पुष्पा देवी की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। इसमें विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ उत्तर प्रदेश विकसित विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लखनऊ के निदेशक दिलीप चतुर्वेदी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में गांवों का सर्वांगीण विकास आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि लोकल फॉर वोकल के सिद्धांत को अपनाना समय की जरूरत है। जब तक गांवों के स्थानीय उद्यमी और उत्पादकों को प्रोत्साहन नहीं मिलेगा, तब तक आत्मनिर्भर भारत का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की अहम भूमिका है। यदि प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक निभाए तो गांवों की तस्वीर बदल सकती है।
प्रमुख प्रतिनिधि केशभान राय ने कहा कि समूहों के माध्यम से गांवों में रोजगार सृजन की दिशा में अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। ग्रामीण अब गांव में ही रहकर अपनी आजीविका चला पा रहे हैं।
उन्होंने स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर जोर दिया। बीडीओ अमित सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संपन्न हुई सभी विकास परियोजनाओं की बिंदुवार जानकारी सदन को दी।
बैठक में भाजपा नेता राजेंद्र पांडेय, राम कुमार कुंवर, शिवेंद्र द्विवेदी, सपा के पूर्व प्रत्याशी मोनू द्विवेदी, डॉ. सुजीत कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।