सिद्धार्थनगर। संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाला उसका-अजगरा-धर्मसिंहवा मार्ग की सूरत बदलने वाली है। लंबे समय से सकरी सड़क और यातायात दबाव से जूझ रहे इस अहम मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को शासन से हरी झंडी मिल चुकी है।
लगभग सवा पांच किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण के लिए करीब 16.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सड़क करीब 3 मीटर चौड़ी है। इसको करीब ढाई मीटर और चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए धन की स्वीकृति के साथ बजट भी आवंटित कर दिया गया है।
परियोजना पूरी होने के बाद यह मार्ग न सिर्फ संतकबीरनगर की मजबूत कनेक्टिविटी का आधार बनेगा, बल्कि सिद्धार्थनगर और आसपास के इलाकों के लिए भी आवागमन को आसान करेगा। इससे सिद्धार्थनगर सीमा से सटे संतकबीरनगर के लोगों को भी गोरखपुर जाने में आसानी होगी। सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्र में तेजी से विकास के मार्ग प्रशस्त होंगे। सड़क चौड़ीकरण के लिए कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही ने प्रस्ताव भेजा था।
गोरखपुर-नौगढ़ नेशनल हाईवे से उसका से अजगरा होते हुए संतकबीरनगर जनपद के धर्मसिंहवा को जोड़ने वाली सड़क के दिन बदलने वाले हैं। इस सड़क की चौड़ाई महज तीन मीटर थी। समय के साथ मार्ग पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ा है, लेकिन सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों की रफ्तार यहां पर थम जाती थी। इसके अलावा हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे संतकबीरनगर जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों और भारी वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। चौड़ीकरण के बाद सड़क साढ़े पांच मीटर चौड़ी हो जाएगी, जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारू होगी और यातायात व्यवस्था कहीं अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित हो सकेगी। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि परिवहन लागत में भी कमी आएगी। इससे न सिर्फ सिद्धार्थनगर, बल्कि संतकबीरनगर के लोगों को सिद्धार्थनगर मुख्यालय और गोरखपुर जाने में सहूलियत मिलेगी।
15 किलोमीटर कम होगा सफर: क्षेत्र के लोगों के मुताबिक अभी सिद्धार्थनगर से संतकबीनगर जाने के लिए लोगों को बांसी होते हुए जाना पड़ता है, क्योंकि उसका- धर्मसिंहवा मार्ग चौड़ा न होने के कारण एक साथ दो चार पहिया वाहनों के गुजरने में कठिनाई होती है। कई बार लोगों को जाम में फंस जाना पड़ता है। यही वजह है कि संतकबीनगर या उसकी सीमा से सटे खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र की बड़ी आबादी को मुख्यालय आने के लिए 12-15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करते हुए बांसी के रास्ते आना पड़ता है।
वहीं, जनपद की सीमा के नजदीक रहने वाले लोगों को गोरखपुर जाने के लिए खलीलाबाद जाना पड़ता है। इस मार्ग के चौड़ीकरण के बाद संतकबीनगर के लोगों को पीपीगंज, गोरखपुर और महाराजगंज जाने में कम समय लगेगा। इसका सीधा असर रोजमर्रा की आवाजाही, व्यापारिक परिवहन और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ेगा। कम दूरी और बेहतर सड़क के चलते ईंधन की बचत के साथ पर्यावरणीय दबाव भी घटेगा।
विकास का नया कॉरिडोर बनेगा: उसका-अजगरा-धर्मसिंहवा मार्ग का चौड़ीकरण भविष्य के विकास की मजबूत नींव मानी जा रही है। इस सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र में नए व्यावसायिक केंद्र, गोदाम, लघु उद्योग और सेवा आधारित संस्थानों के खुलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और गांव-कस्बों की आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी। कृषि उत्पादों की मंडियों तक आसान पहुंच से किसानों को भी सीधा लाभ होगा।