भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र सीएचसी सिरसिया में मंगलवार को एएनएम व पर्यवेक्षक की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि 5 वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है।
इसके लक्षण जैसे तेज बुखार, तेज सांसें व पसली का चलना, सीने का अंदर धसना, खांसी आदि होने की संभावना अधिक होती है। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु व बच्चों के देखभाल कार्यक्रम के तहत आशा बहू घरों पर जाकर नवजात शिशु का तापमान, वजन, सांसों की गिनती तथा मां और नवजात शिशु के खतरे की लक्षण की जानकारी ले साथ में हाथ धोने की विधि का प्रदर्शन करें।
आशा बहुएं निमोनिया के लक्षण वाले बच्चों को तत्काल संदर्भित करें तथा बचाव के लिए समय-समय पर टीकाकरण करवाएं। एचईओ राजीव त्रिपाठी तथा बीसीपीएम मेराज अहमद ने बताया कि एएनएम बाल स्वस्थ पोषण माह के दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक जरूर दें।
बीएमसी सूर्यदेव सिंह ने बताया कि एएनएम टीकाकरण से आनाकानी करने वाले लाभार्थियों की सूची तैयार करें तथा समय-समय पर प्रोत्साहित करते हुए टीकाकरण करवाएं। इस दौरान ध्रुव चंद, राहुल कुमार, मनोज कुमार, दीपक मधुकर, वीना आदि मौजूद रहे।