भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के गोपिया गांव में शारदीय रामलीला मंचन करते कलाकार। संवाद
वनागमन से गंगा पार कराने तक की लीला का भावपूर्ण मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल
भनवापुर। गोपिया गांव में चल रहे शारदीय रामलीला महोत्सव में शुक्रवार रात वनागमन से लेकर केवट संवाद तक की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम और केवट के बीच भक्ति, प्रेम और समर्पण से ओतप्रोत संवाद ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कलाकारों के सजीव अभिनय के बीच रामलीला पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मंचन में वनवास के दौरान माता सीता और लक्ष्मण के साथ प्रभु श्रीराम के आगे बढ़ने तथा गंगा तट पर पहुंचने के प्रसंग को दर्शाया गया। गंगा पार कराने के लिए केवट और प्रभु श्रीराम के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। केवट की अनन्य भक्ति और प्रभु के प्रति उसके समर्पण को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रामलीला के माध्यम से निषादराज और केवट की अटूट श्रद्धा तथा निष्काम भक्ति का संदेश दिया गया। श्रद्धालु देर रात तक मंचन का आनंद लेते रहे।
इस दौरान सुशील पांडेय, मनीष पांडेय, विजय यादव, लवकुश यादव, विष्णु पांडेय, मान बाबू चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।