शोहरतगढ़। विकास क्षेत्र ग्राम एकडेंगवा भावपुर में शुक्रवार को डीएम शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। उन्होंने सचिव और प्रधान को निर्देश दिए कि गांव में कल्याणकारी योजनाओं को लाभ दिलाने के लिए पात्रों को चिह्नित कर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से हर हाल में लाभांवित करें। ग्राम में जो भी विकास कार्य कराए जाएं, उसका निर्माण पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी से होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने इस दौरान ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की कि शासन की योजनाओं की जानकारी मिल रही है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत फसलों के क्षति पूर्ति का भुगतान एवं किसान सम्मान निधि की समस्याओं का निराकरण कराएं। शासन से निर्देश मिले हैं कि पहले से चल रही योजनाओं को और अधिक सुधार कर प्रभावी रूप से लागू किया जाए। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों से उन्होंने कहा कि यदि किसी को पेंशन से जुड़ी समस्या है, जैसे वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन या दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है, तो वे तुरंत जानकारी दें। उन्होंने जन्म प्रमाण-पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र का आवेदन निर्धारित समय में निस्तारित कराने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल के दौरान डीएम ने गर्भवतियों की गोदभराई का कार्यक्रम विधिवत रूप से संपन्न कराया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रजत कुमार चौरसिया, उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, डीसी एनआरएलएम देवनंदन दूबे, डीडी कृषि राजेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।