भनवापुर। सरकार जहां किसानों की आय दोगुनी करने के लिए तरह-तरह का उपाय कर रही है, वहीं ब्लॉक क्षेत्र में स्थित साधन सहकारी समितियों के प्रभारी के मनमानी से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। एक सचिव के पास चार केंद्रों की जिम्मेदारी होने के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।
इतना ही नहीं एक केंद्र पर खाद वितरण के दौरान जब किसान पहुंचते हैं तो सचिव कल आने की बात कहते हुए लौटा देते हैं। जब किसान दूसरे दिन दूसरे केंद्र पर पहुंचते हैं तो फिर लौटा देते हैं। ऐसे में किसान खाद के लिए रोज केंद्रों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि सचिव अपनी मनमानी से चहेतों को 30 से 40 बोरी खाद देते हैं। इससे छोटे किसानों का खाद नहीं मिल पा रहा है।
क्षेत्र के रमेश चंद्र, बृजकिशोर, मोनू, पंकज आदि ने बताया कि एक सचिव के पास चार केंद्रों की जिम्मेदारी है। ऐसे में हमें समय से खाद नहीं मिल पा रहा है। इसी तरह क्षेत्र के सघन सहकारी समिति सिकटा में खाद होने के बाद भी सचिव वितरण नहीं कर रहे हैं। यहां के सचिव के पास भी दो केंद्र की जिम्मेदारी है। बी पैक्स सघन सहकारी समिति चौखड़ा में पूर्व में आए खाद का वितरण कर दिया गया। बृहस्पतिवार को एक ट्रक यूरिया की आमद हुई है। सचिव अमरनाथ तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को वितरण करेंगे।