सिद्धार्थनगर। जिले में ऑटो, ई-रिक्शा और लोडर वाहनों में लगातार ओवरलोडिंग की जा रही है। इससे यात्रियों की सुरक्षा का खतरा बढ़ गया है। क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर चलाए जा रहे ये वाहन से हादसे की आशंका बनी हुई है। कई बार हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके चालक और संबंधित विभाग के जिम्मेदारों पर इसका कोई असर नहीं दिखता है।
यातायात व्यवस्था पर नजर रखने वाली पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। ऑटो चालक बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। यातायात पुलिस इस मनमानी पर अंकुश लगाने में नाकाम है। बृहस्पतिवार को शहर के सिद्धार्थ तिराहा, बर्डपुर मार्ग, बांसी स्टैंड व सोहांस मार्ग पर ई-रिक्शा चालक क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर यात्रा कर रहे थे। ई-रिक्शा के ऊपर सामान भी बांधे हुए थे। ई-रिक्शा का इंतजार कर रहे यात्री श्याम ने बताया कि प्राइवेट वाहन चालक क्षमता से अधिक सवारी बिठाते हैं। उनके अनुसार लाइन लगाकर सवारी बिठाना पड़ता है, जिससे अधिक सवारी ले जाने पर कमाई अच्छी होती है।