- परिषदीय विद्यालयों में छात्र छात्राओं के लिए जारी हुआ नंबर, दीवारों पर होगा अंकित
- शासन स्तर से की जाएगी निगरानी, स्थानीय स्तर पर नहीं कर पाएंगे धांधली
सिद्धार्थनगर। परिषदीय विद्यालयों में अब तक लापरवाही और खामियां अधिकारियों के निरीक्षण में ही सामने आती थी। इस पर अंकुश लगाने के लिए अब शासन ने विद्यालयों की बाउंड्री पर टोल फ्री नंबर चस्पा किए जाने के निर्देश दिए हैं ताकि छात्र-छात्रा, अभिभावक व आम लोग विद्यालय संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकें।
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थित, देरी से पहुंचने, स्वच्छता और रख-रखाव संबंधी शिकायतें लगातार मिलती रहती हैं। इसमें कई बार शिक्षक निलंबित भी हो चुके हैं। लगभग दो हजार से अधिक परिषदीय विद्यालयों में अब शिक्षकों की मनमानी नहीं चलेगी। ऐसे में शासन ने टोल फ्री नंबर 18008893277 जारी कर इसे विद्यालय की दीवारों पर अंदर व बाहर चस्पा करने और गूगल लिंक पर इसे अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यातायात के सामान्य नियम भी विद्यालयों की दीवारों पर लिखने के लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है। टोल फ्री नंबर से विभागीय मंशा है कि काॅन्वेंट स्कूलों की तरह अभिभावकों को सुविधा दी जाए, जिससे स्कूल के शैक्षिक स्तर तथा अध्यापकों की कार्यशैली के बारे में जानकारी मिल सके।
बीएसए शैलेष कुमार ने बताया कि विद्यालयों में टोल फ्री नंबर और यातायात के सामान्य नियम दीवारों पर लिखवाएं जाने के निर्देश हैं। अभिभावक और ग्रामीण विद्यालय से संबंधित शिकायतें इस पर दर्ज करवा सकते हैं। इससे विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधरेगी।