- इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव के राजकीय महाविद्यालय के पास बुधवार सुबह आठ बजे एक बाइक को अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में लक्ष्मी (14) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पिता ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को पिता को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी ओमप्रकाश अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ बाइक से इटवा थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव अपने रिश्तेदारी में जा रहे थे। चौखड़ा चौराहे से कुछ आगे बढ़कर राजकीय डिग्री कॉलेज के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक अनियंत्रित हो गई और लक्ष्मी (14) ट्रेलर के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। हादसे के कुछ देर बाद पीछे से आ रहे अग्निशमन दस्ते के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। पिता का इलाज चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इटवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इस दर्दनाक घटना से मृतक किशोरी के परिजनों और गांव में शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक इटवा श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।