इटवा। सावन माह के दूसरे दिन शुक्रवार को क्षेत्र के कटेश्वरनाथ शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा लेकर मंदिर पहुंचे।
भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर परिवार, समाज और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कटेश्वरनाथ शिव मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
मंदिर के पुजारी पंकज गिरि ने बताया कि सावन के प्रत्येक दिन श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, लेकिन सोमवार को यहां सबसे अधिक भीड़ उमड़ती है। उन्होंने बताया कि दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से अच्छी वर्षा, खुशहाली और सभी के मंगल की प्रार्थना की।