हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने की दी गई सीख
नशे में वाहन न चलाने और मोबाइल से दूरी रखने की अपील
सिद्धार्थनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत श्री रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सीख दी गई। विद्यार्थियों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। यातायात पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने का आह्वान किया।