- लेवल-1 के दूसरे दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों में हुई परीक्षा, उत्साह के साथ शामिल हुए छात्र-छात्राएं
सिद्धार्थनगर। विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रतिभा को मंच देने और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित अमर उजाला ओलंपियाड के लेवल-1 की परीक्षा में सोमवार को गणित विषय के प्रश्न पूछे गए। जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ परीक्षा में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने निर्धारित समय में सवाल हल कर अपनी गणितीय समझ और तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया।
शहर के रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य बसंत प्रसाद मिश्र की देखरेख में कक्षा एक से दस तक के 124 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, विमला इंटरनेशनल स्कूल श्यामपुर में प्रधानाचार्य दिलीप कुमार गुप्ता की देखरेख में 26 विद्यार्थियों ने गणित की परीक्षा में प्रतिभाग किया। जीएन हैरिटेज स्कूल टड़वा में प्रधानाचार्य प्रियंका त्रिपाठी के निर्देशन में 10 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
बिस्कोहर स्थित बीआईसीटी ग्रुप ऑफ एजुकेशन में प्रधानाचार्य आकाश मिश्रा के निर्देशन में कक्षा चार और नौ के 13 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। विद्यालयों में परीक्षा के दौरान अनुशासन और शुचिता का ध्यान रखा गया। प्रधानाचार्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी शैक्षिक क्षमता परखने और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।
-
30 नवंबर तक चलेंगी ओलंपियाड की परीक्षाएं
- अमर उजाला ओलंपियाड लेवल-1 की परीक्षाएं 30 नवंबर तक आयोजित होंगी। 18 नवंबर को अंग्रेजी, 19 नवंबर को सामान्य ज्ञान और 23 नवंबर को गणित विषय की परीक्षा हुई। 25 नवंबर को विज्ञान, 26 नवंबर को लॉजिकल रीजनिंग और 27 नवंबर को हिंदी की परीक्षा होगी। टेक्नोलॉजी एवं एआई विषय की परीक्षा 22 और 30 नवंबर को ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।