- कठेला समय माता थाना क्षेत्र के गाजीपुर मोड़ से पकड़े गए तीनों संदिग्ध
सिद्धार्थनगर। कठेला पुलिस ने दो दिन पहले विद्यालय में हुई चोरी की वारदात का शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। चोरी के मामले में तीन संदिग्धों मो. इसराइल, इबारत अली उर्फ पट्टू, राज पासवान उर्फ पेप्सी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से विद्यालय से चोरी हुआ वाटर कूलर बरामद किया गया। पकड़े गए तीन आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं। तीनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि विद्यालय में हुई चोरी के मामले का पर्दाफाश करने के लिए टीम लगाई गई थी। एसओ कठेला समय माता अभय सिंह की अगुवाई वाली टीम को मुखबिर से जानकारी मिली की क्षेत्र के गाजीपुर मोड़ के पास संदिग्ध मौजूद हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए टीम मौके पर पहुंच गई। तीन संदिग्ध दिखे, जिन्हें घेराबंदी करके पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मो. इसराइल ग्राम धोबहा टोला पीपरी, इबारत अली उर्फ पट्टू ग्राम कठेला शर्की टोला बरमपुर व राज पासवान उर्फ पेप्सी ग्राम धोबहा टोला पीपरी के रूप में हुई। उनके कब्जे से विद्यालय से चोरी वाटर कूलर बरामद किया गया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात स्वीकार की है। तीनों को जेल भेज दिया गया है। पकड़ने वाली टीम में एसआई आनंद कुमार, विनीत शुक्ल, गगनदीप कुमार, विशाल पासवान, शुभम सिंह आदि मौजूद रहे।