शहर के सिघेश्वरी मंदिर परिसर में सजी हुइ पूजन सामाग्री की दुकान। संवाद
सिद्धार्थनगर। नवरात्र में बाजार का रंग बदल गया है। दुकानों पर माता की चुनरी, नारियल, कलश और पूजन सामग्री सजी है तो फलाहार की दुकानों पर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मखाना और मेवों की मांग को लेकर तैयारी है।
देवी प्रतिमाओं, शृंगार सामग्री, दीपक, धूप-अगरबत्ती और सजावटी सामान की दुकानें भी पर्व के रंग में रंगी हैं। श्रद्धालुओं की खरीदारी से बाजार में रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
जिला मुख्यालय के तेतरी बाजार, सिद्धार्थ तिराहा और सिंहेश्वरी देवी मंदिर के आसपास पूजन सामग्री की दुकानें नवरात्र के बाजार के प्रमुख केंद्र हैं। वहीं बांसी, डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़, उस्का बाजार और बढ़नी के बाजारों में काफी गहमागहमी है। इन बाजारों से कस्बों के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग भी खरीदारी कर रहे हैं।
दुकानदार अखिलेश गुप्ता बताते हैं कि नवरात्र में घरों में कलश स्थापना और देवी पूजन के लिए जरूरी सामग्री की खरीदारी सबसे पहले होती है। दीपक, पूजा थाली और देवी की तस्वीरों की मांग रहती है।