खेसरहा–खलीलाबाद–बहराइच नई रेल लाइन पर स्टेशन निर्माण कार्य। संवाद
सिद्धार्थनगर। खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन बिछाने के कार्य के तहत खेसरहा व बांसी में रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। दोनों जगहों पर अधिग्रहीत जमीन (खेत) में बन रहे स्टेशन को सड़क से जोड़ने के लिए रेलवे अपनी भूमि में चार किमी लंबा संपर्क मार्ग बनाएगा, जिससे दोनों स्टेशनों के पास संपर्क मार्गों पर आवागमन सुगम होगा।
यहां नया व्यवसायिक क्षेत्र (बाजार) विकसित हो सकेगा, जिससे आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। नई रेल लाइन निर्माण के तहत जिले के खेसरहा व बांसी में स्टेशन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। खेसरहा प्रतिनिधि के अनुसार बांसी और खेसरहा दोनों जगहों पर स्टेशन भवन के पहले चरण का कार्य तेजी से चल रहा है। खेसरहा स्टेशन को बेलौहा-घोसियारी मार्ग से जोड़ने के लिए रेलवे अपनी जमीन पर 2.5 किमी लंबी सड़क बनाएगा। इसके तहत पगारे से बतसा जूनियर हाईस्कूल के रास्ते रेलवे ट्रैक के किनारे होते हुए स्टेशन तक सड़क निर्माण की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। खेसरहा में चार मीटर ऊंची और 76.620 मीटर लंबाई में भवन के बेसमेंट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। यहां बतसा गांव के पश्चिम दिशा में स्टेशन के लिए तैयार की गई भवन के बेसमेंट पर अब चार मीटर ऊंची मिट्टी पटाई का काम शुरू होने को है।
स्टेशन के दोनों ओर लगभग 75 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। यहां तीन ट्रैक का निर्माण किया जाएगा, जिससे गाड़ियों की क्रॉसिंग सुगमता से हो सके। वहीं, बांसी में भी स्टेशन भवन का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है। चार मीटर ऊंचे बेसमेंट का कार्य अंतिम चरण में है, जिसके बाद मिट्टी पटाई का कार्य कराया जाएगा। मिठवल ब्लॉक कार्यालय के बगल गौरी गांव में बन रहे बांसी स्टेशन तक दो तरफ से आवागमन का रास्ता होगा। बांसी-बस्ती हाईवे से डेढ़ किमी दूरी पर स्थित बांसी स्टेशन को जोड़ने के लिए रेलवे ट्रैक किनारे के सड़क निर्माण होगा। यहां भी स्टेशन तक आवागमन के लिए रेलवे अपनी जमीन में ही नई सड़क का निर्माण कराएगा। स्टेशन रोड पर नया व्यवसायिक क्षेत्र विकसित होने पर आर्थिक उन्नयन का मार्ग प्रशस्त होगा।