सिद्धार्थनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जिले में निर्धारित आठ मतदान केंद्रों के भवन 22 और 23 अक्तूबर के लिए अधिग्रहीत किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मतदान के दिन शिक्षक मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश देने का भी आदेश जारी किया है। चुनाव के लिए 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। वहीं, 27 अक्तूबर को गोरखपुर में मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नौगढ़ तहसील कार्यालय भवन, बर्डपुर क्षेत्र पंचायत भवन, बांसी तहसील कार्यालय भवन, खेसरहा क्षेत्र पंचायत भवन, शोहरतगढ़ तहसील कार्यालय भवन, बढ़नी क्षेत्र पंचायत भवन, इटवा तहसील कार्यालय भवन और डुमरियागंज तहसील कार्यालय भवन को मतदान के लिए अधिग्रहीत किया है।
सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट 22 अक्तूबर को सुबह 10 बजे संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। मतदान समाप्त होने के बाद उन्हें मतदान दलों के साथ कलेक्ट्रेट, सिद्धार्थनगर में उपस्थित होना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के उन कर्मचारियों को 23 अक्तूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया है, जो शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदाता हैं।