काली पट्टी बांधकर किया कार्य, लंबित भुगतान कराने की उठाई मांग
सिद्धार्थनगर। मानदेय में वृद्धि और लंबित भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोशल ऑडिट के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कर्मियों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इसके बाद विकास भवन पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की।
कर्मियों ने ज्ञापन में कहा कि सोशल ऑडिट कर्मियों का मानदेय लंबे समय से कम है। महंगाई और कार्य की जिम्मेदारियों को देखते हुए जिला एवं ब्लॉक सोशल ऑडिट कोऑर्डिनेटरों के मानदेय में वृद्धि की जाए। इसके साथ ही बीआरपी, वीआरपी और अन्य कर्मियों के लंबित भुगतान का तत्काल निस्तारण कराया जाए। परिवार के भरण-पोषण से संबंधित बकाया राशि का भुगतान भी जल्द किया जाए।
इस दौरान अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी, महामंत्री रामनगीना मिश्र, शाहिद रिजवी, केके उपाध्याय और जय प्रकाश पासवान सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।