- बढ़नी में आयोजित हुई वॉलीबाल प्रतियोगिता,खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
ढेबरुआ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को बढ़नी नगर पंचायत में जनपद स्तरीय बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाई। इसमें गांधी आदर्श इंटर कॉलेज बढ़नी की विजेता टीम और जागृति स्पोर्टिंग क्लब बढ़नी की उपविजेता टीम की खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर नेपाली नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेंद्र मिश्र ने खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल प्रदान करते हुए उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सिद्धार्थनगर को गौरवान्वित किया है। सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं ने उल्लेखनीय पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी बेटियों की उपलब्धियों से ग्रामीण अंचल का नाम रोशन हुआ है।
सम्मानित होने वाली खिलाड़ियों में नेशनल खिलाड़ी सोनी पासवान, गायत्री, सुमन गौड़, अंशिका सोनी तथा राज्य स्तरीय खिलाड़ी किरन, खुशी, माही, दिव्या, सावित्री, शशि पांडेय, शिखा, आंचल और अर्चना शामिल रहीं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम बाबा और गांधी आदर्श इंटर कॉलेज के स्पोर्ट्स टीचर शंभूनाथ गुप्ता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर कार्यक्रम में सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष शकील शाह, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव हरिनाथ यादव आदि मौजूद रहे।