सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के पंजीकरण में शिक्षामित्रों की सेवानिवृत्ति तिथि को लेकर सामने आ रही विसंगतियों के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। आदर्श समायोजित शिक्षक-शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई बांसी के पदाधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारी के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।
संगठन का आरोप है कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के पोर्टल पर आवेदन करते समय जन्मतिथि और सेवानिवृत्ति तिथि के अंकन को लेकर विसंगतियां सामने आ रही हैं। कई शिक्षामित्रों के मामले में सेवा निवृत्ति की अलग-अलग तिथियां प्रदर्शित होने से कैशलेस चिकित्सा योजना के पंजीकरण में परेशानी हो रही है। इस मामले खंड शिक्षा अधिकारी बांसी ने संगठन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। वार्ता के दौरान पदाधिकारियों ने शिक्षामित्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले में बीएसए को पत्र भेजकर मार्ग दर्शन मांगा है। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश कुमार आर्या, ब्लॉक महामंत्री प्रदीप कुमार शर्मा, ब्लॉक कोषाध्यक्ष रामजीत मौर्य समेत धनंजय मिश्रा, अशोक अवस्थी, पवन शुक्ला मौजूद रहे।