डुमरियागंज। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत डिजिटाइजेशन कार्य को समय से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर तहसील सभागार में शुक्रवार को एसडीएम राजेश कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार सुपरवाइजर और पांच बीएलओ को शाॅल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, सम्मानित किए गए सुपरवाइजरों में लेखपाल संजय कुमार वरुण, आशीष कुमार चौरसिया, दीपक संखवार एवं अरुण कुमार सिंह शामिल रहे। एसडीएम ने सभी को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्य की सराहना की। इसके साथ ही एसआईआर अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बीएलओ को भी सम्मानित किया गया। इनमें ग्राम धनोहरी के बीएलओ अजय, बेनीनगर के रमेश पांडेय, चौखड़ा के अमित कुमार सिंह, साड़ी खुर्द के लालजीत एवं बिथरिया शब्बीरुल हसन शामिल रहे। एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि सभी कर्मचारियों की मेहनत और लगन के कारण ही एसआईआर डिजिटाइजेशन कार्य को समय से पूर्व पूरा करना संभव हो सका है। इस दौरान तहसीलदार रविकुमार यादव, नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह, लेखपाल देवेंद्र कुमार राठौर, अभिषेक, सौरभ चौरसिया आदि मौजूद रहे।