डुमरियागंज/भवानीगंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर के तकियवा स्थित पीर बाबा की मजार को लेकर पिछले कई दिनों से जारी विवाद के बीच बृहस्पतिवार को हिसामुद्दीनपुर के आसपास के गांवों और मजार जाने वाले मार्गों पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
विरोध और तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन दिनभर अलर्ट मोड में रहा। मजार पर बृहस्पतिवार को सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान पुलिस फोर्स पूरी तरह से मुस्तैद रही।
जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत बढ़नी चाफा के अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने तीन दिन पहले घोषणा की थी कि बृहस्पतिवार को मजार कथित समाधि स्थल पर हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा, लेकिन बुधवार को अधिकारियों से बातचीत के बाद धर्मराज वर्मा ने एक वीडियो जारी कर खुद उस स्थान पर आयोजित होने वाले हनुमान चालीसा व भंडारा कार्यक्रम स्थगित कर देने और मजार को समाधि स्थल घोषित कराने को लेकर लड़ाई आगे भी जारी रखने का एलान किया था। इसके बावजूद एहतियातन मजार के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे।
सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार रवि कुमार यादव, त्रिलोकपुर, पथरा और भवानीगंज थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही और पूरे हालात पर लगातार नजर रखे हुई थी।
इसी बीच बृहस्पतिवार को मजार पर सपा नेता जमील सिद्दीकी और सपा नेता फरहान खान, मोनू दुबे तथा मौलाना अरबाब फारूकी पहुंचे और वहां पर माथा टेककर दुआ मांगी। सपा नेताओं ने कहा कि यह मजार स्थल पीर बाबा का है। यहां पर वर्षो से सभी धर्मों के लोग आते हैं और अपनी आस्था के अनुसार मन्नतें मांगते हैं, लेकिन कुछ लोग आपसी भाईचारा सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे है जो निंदनीय है। फिलहाल हिसामुद्दीनपुर स्थित तकियवा मजार पर शांति बनी हुई है। प्रशासन हालात को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।