मिश्रौलिया(सिद्धार्थनगर)। क्षेत्र के भगवतपुर निवासी संतोष गुप्ता (26) की शनिवार की रात संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतक के पिता आज्ञाराम और पत्नी सुनैना ने एक-दूसरे पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के पिता आज्ञाराम ने आरोप लगाया कि शाम को बहू सुनैना ने उसके पुत्र संतोष को जहर खिला दिया। जब उसकी तबीयत बहुत खराब हो गई तो परिवार के लोग सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का आरोप है कि बहू सुनैना उसके पुत्र संतोष से दो साल से झगड़ा करती रहती थी। इन दोनों का मामला कोर्ट में भी चल रहा था। इसके बाद भी सुनैना संतोष को लेकर परिवार से अलग बढ़या चौराहे के पास किराये पर कमरा लेकर रहती थी।
वहीं इस मामले में मृतक की पत्नी सुनैना ने बताया कि शाम को वह खाना बना रही थी। तीन लोग जो रिश्ते में उसके पति के चाचा लगते हैं शाम को सात बजे उसके घर पहुंचे। उसके पति संतोष को बुलाकर ले गए और शराब में जहर दे दिया। जब संतोष घर पर आए तो उनकी हालत खराब थी। इलाज के लिए उसे इटवा ले गए, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि चाचा का उसके पति के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके कारण उन्होंने उसके पति को जहर दे दिया।
आरोप है कि बच्चे को भी मारने की धमकी दी है। उसका पति से कोई केस नहीं है। चाचा लोगों से चल रहा है।
इस मामले में थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।