-कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम रामापुर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के रामापुर गांव के पास बाणगंगा नदी में नहाते समय लापता हुए युवक की लाश, दूसरे दिन बुधवार को पांच सौ मीटर दूर बैदौली घाट के पास मिली। मंगलवार को रामापुर गांव का युवक अंबिका प्रसाद (21) पुत्र कमलेश दूबे, बाणगंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में चला गया था।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, हल्का लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ से सहयोग मांगा। मौके पर आई कठेला समय माता थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को तलाशने में लगी रही, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पाई। युवक विधायक विनय वर्मा ने एसडीएम व डीएम से बात कर नदी में लापता हुए युवक की तलाश के लिए कहा। इसके बाद युवक को तलाशने के लिए आजमगढ़ से विशेष टीम मंगलवार देर शाम को पहुंची गई।
बुधवार की सुबह से टीम के लोगों ने नदी में युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद युवक का कोई पता नहीं चला। साथ में आए गोताखोरों ने घटनास्थल से पांच सौ मीटर की दूरी पर बैदौली घाट के पास युवक की लाश ढूंढने में आखिरकार सफल रही।
इस संबंध में एसओ रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि आजमगढ़ की टीम ने गोताखोरों की मदद से घटना के 26 घंटे बाद लाश को तलाशने में कामयाब रही, पंचनामा बनवाकर, उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सिद्धार्थनगर। रामापुर गांव निवासी अंबिका प्रसाद के पिता का नाम कमलेश दूबे है और वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। कुछ सालों से वह परिवार की आर्थिक सुधारने के लिए दिल्ली में काम कर रहा था। तीन माह पूर्व वह दिल्ली से छुट्टी लेकर घर आया था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। लापता युवक की लाश मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंबिका की मां नीलम दूबे को यकीन नहीं हो रहा कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा, और रोते-रोते वह बार-बार अपनी सुध खो दे रही है।