- हमला करने वाले झुंड में थे चार सियार, एक मारा गया, अन्य से दहशत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
भवानीगंज । नगर पंचायत बढ़नी चाफा के भड़भड़वापुर में सोमवार रात में सियार के हमले से लोगों में दहशत है। चार सियारों के झुंड ने एक ही दिन सात लोगों पर हमला करके जख्मी कर दिया। गांव के लोगों ने एक सियार को मार डाला, लेकिन तीन सियारों के कारण डर बना हुआ है कि वे कहीं फिर न हमला करें। इसी भय के कारण वन विभाग की टीम ने गांव के लोगों के साथ मंगलवार रात में गश्त किया। हालांकि, कहीं भी सियार ने किसी पर हमला नहीं किया तो लोगों को तसल्ली है।
वन विभाग के क्षेत्राधिकारी, बढ़नी चाफा पीएचसी चिकित्सक डाॅ. राजेश आदि ने बुधवार को भड़भड़वापुरका निरीक्षण कर घायलों से बातचीत की। इस संबंध में राजेन्द्र चौधरी बताते हैं कि घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं, उन्हीं की सुरक्षा का डर बना हुआ है। कनिकराम ने बताया कि घर के बगल खेत है, सियार कब हमला कर दे, इसका डर बना रहता है। भटनू बताते हैं कि गांव में बहुत से ऐसे लोग हैं, जिनके घर में दरवाजे नहीं लगे हैं। राम शब्द कहते हैं कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी रात नींद नहीं आई है।
इधर प्राथमिक विद्यालय भड़भड़वापुर के हेड मास्टर उमाशंकर ने बताया कि सियार के भय से बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं, क्योंकि खेतों (गन्ने) के बीच से ही विद्यालय का रास्ता है। कुछ अभिभावकों ने ही अपने बच्चों को स्कूल पहुंचाया।
घायलों को लगाया गया एआरवी
क्षेत्र में गन्ने की खेती ज्यादा पैमाने में होती है । इससे पहले से ही जंगली जानवरों का खतरा बना है। सोमवार को भड़भड़वापुर के नाथनगर चौराहे पर खेल रही नयनशी पुत्री तेज बहादुर पर चार को ने हमला कर दिया। वहीं अंदर बैठे तेज बहादुर के ऊपर भी एक सियार ने हमला किया। 26 वर्षीय मिराज 24 वर्षी अकरम 30 वर्षीय पुत्तन 28 वर्षीय राजू को भी सियार ने घायल किया है। वहीं जैतापुर में एक सियार ने चारपाई पर बैठे रामसूरत और रामजस पर भी हमला कर दिया। सभी घायल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी चाफा में जाकर रेबीज का इंजेक्शन लगवाया गया है।
-
बढ़नीचाफा क्षेत्र में सियार ने ही लोगों पर हमला किया है। वहां भेड़िया नहीं है। सियार अधिक संख्या में है, इसलिए उसे पकड़ना कठिन है। निगरानी की जा रही है और गांव के लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
-पुष्प के कंदल, डीएफओ