सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव की तैयारी अब अंतिम चरण में चल रही है। बीएसए ग्राउंड में 28 जनवरी से एक फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले महोत्सव में स्वाति मिश्रा के भजनों से महोत्सव में जहां अध्यात्म का अहसास होगा।
वहीं भोजपुरी स्टार पवन सिंह, बाॅलीवुड गायक बी प्राक की सुर लहरियों से शाम सुरमयी होगी। इतना ही नहीं बाॅलीवुड स्टार गोविंदा भी स्टेज पर ठुमका लगाते नजर आएंगे। इन सभी का कार्यक्रम तय हो गया है, जिससे इस बार खूब धमाल की उम्मीद है।
जिला सृजन के बाद प्रति वर्ष आयोजित होने वाले सिद्धार्थनगर महोत्सव की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए हुई बैठक में महोत्सव समिति के अध्यक्ष व जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बैठक कर सभी अधिकारियों को दायित्व का आवंटन कर दिया है। इसके बाद महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
वहीं, महोत्सव में लगने वाले प्रदर्शनी और मेला के लिए भी तैयारी जोरों पर है। इसके तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के नाम तय किए गए हैं।
भजन गायक स्वाति मिश्रा, भोजपुरी स्टार पवन सिंह, बालीवुड गायक बी प्राक व गोविंदा का नाम तय हो चुका है। ठंड के बावजूद इस कार्यक्रम के दौरान महोत्सव स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके लिए भी पुलिस व प्रशासनिक इंतजाम किए जा रहे हैं।