भनवापुर। आउटसोर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को दोपहर एक बजे प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इसमें आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने बिना कारण व नोटिस के आउटसोर्स कर्मियों को सेवा से बाहर न किए जाने की मांग की।
आउटसोर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाजपेयी ने अपने संबोधन में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए निगम गठन को लेकर सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बिना कारण व बिना नोटिस सेवा से बाहर किए जाने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और कर्मचारियों का शोषण समाप्त होगा। वैभव मिश्रा ने ईपीएफ समेत अन्य कटौतियों के मुद्दे पर चर्चा करते हुए शीघ्र सकारात्मक परिणाम मिलने का आश्वासन दिया। वहीं प्रदेश महामंत्री आबिद रिजवी ने विभिन्न संगठनों को एक साझा मंच पर लाने की पहल करते हुए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के प्रतिनिधियों तक मजबूती से पहुंचाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष वैभव मिश्रा ने शीघ्र ही तीनों संगठनों के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की घोषणा की। इसमें प्रदेश के 22 जनपदों से कुल 606 लोगों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
इस दौरान संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाजपेयी, कंप्यूटर ऑपरेटर और अकाउंटेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री अनूप मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।