- ग्राम प्रधान, उनके पति और बेटों पर 8.63 लाख रुपये की निर्माण सामग्री लेने का आरोप
- प्रधान के पति ने बकाया स्वीकारा, बोले- मनरेगा का भुगतान मिलने पर देंगे रुपये
डुमरियागंज। निर्माण सामग्री के बकाया रुपये मांगने पर ग्राम प्रधान, उनके पति और बेटों पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पचउद उर्फ लतीफपुर में निर्माण सामग्री की दुकान चलाने वाले विष्णु प्रसाद अग्रहरि ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, दुकानदार का आरोप है कि रवापुर उर्फ नेबुआ की ग्राम प्रधान, उनके पति और बेटों ने दुकान से सरिया, सीमेंट, मोरंग और गिट्टी समेत करीब 8,63,840 रुपये की निर्माण सामग्री ली थी। भुगतान के लिए बैंक ऑफ इंडिया के तीन चेक दिए गए थे। आरोप है कि बकाया रुपये मांगने पर पहले इंतजार करने को कहा गया लेकिन बार-बार तगादा करने पर दुकानदार और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।
वहीं, ग्राम प्रधान इंद्रावती देवी के पति शिवपूजन चौधरी ने दुकानदार का पैसा बकाया होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि दो-दो लाख रुपये के तीन चेक दिए गए थे। एक मामले में जेल जाने के कारण भुगतान नहीं कर सके थे। हाल ही में रिहा होकर आए हैं। उनका कहना है कि अभी उन्हें अपना बकाया पैसा नहीं मिला है। मनरेगा का भुगतान मिलने पर दुकानदार के रुपये दे देंगे। फिलहाल उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्होंने भुगतान के लिए समय मांगा है।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि वह बाहर हैं। थाने पर तहरीर दी गई होगी। तहरीर के आधार पर जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।