- सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने और मूल विद्यालय में स्थानांतरण की उठी मांग
- प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर धरना-प्रदर्शन समेत विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर किया विचार-विमर्श
बर्डपुर। शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को बीआरसी बर्डपुर में बैठक हुई। इसमें बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों ने प्रतिभाग कर समस्याओं पर चर्चा की और शासन स्तर से समाधान कराने की मांग उठाई।
बैठक में शिक्षामित्रों ने सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष करने, मूल विद्यालय में स्थानांतरण सहित अन्य मांगें उठाईं। शिक्षामित्रों का कहना था कि कई शिक्षामित्रों को अभी तक मूल विद्यालय में स्थानांतरण का लाभ नहीं मिल पाया है। इससे उन्हें आवागमन समेत अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बैठक में मांगों को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और समस्याओं के समाधान के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मांगों को शासन तक पहुंचाने पर भी विचार हुआ। साथ ही समस्याओं का समाधान बातचीत और शांतिपूर्ण तरीके से कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में ज्ञानचंद्र, अनीता पांडेय, ऊषा चौधरी, मंगल प्रसाद, नंदराम, देवेंद्र कुमार यादव सहित अन्य शिक्षामित्र मौजूद रहे।