सिद्धार्थनगर, मोहाना, लोटन, चिल्हिया, गोल्हौरा और मिश्रौलिया की घटनाओं का खुलासा
तीन चोरी की बाइक और 36,100 रुपये नकद बरामद
सिद्धार्थनगर। जिले के छह थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरियों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी थेफ्ट टीम, सिद्धार्थनगर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी और तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और 36,100 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के नेतृत्व में गठित टीम नौ अक्तूबर की रात जमुआर नाला के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने सिद्धार्थनगर, मोहाना, लोटन और चिल्हिया थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी तथा गोल्हौरा और मिश्रौलिया थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें दो स्प्लेंडर और एक अपाचे बाइक शामिल हैं। इसके अलावा चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने से मिले और अन्य चोरी की घटनाओं से संबंधित कुल 36,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पथरा बाजार कस्बा निवासी अमित अग्रहरि के रूप में हुई है। उसके साथ तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 के तहत बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की।
कार्रवाई करने वाली टीम में सिद्धार्थनगर के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्र, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत सहित थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।