अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर तहसील सभागार में हुआ संवाद कार्यक्रम
शोहरतगढ़। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को स्थानीय तहसील सभागार में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम रविश कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों की बालिकाओं और पीयर एजुकेटर्स ने प्रतिभाग किया। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की कवच 2.0 परियोजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में बाल संरक्षण, शिक्षा और करियर की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
एसडीएम ने कहा कि बालिकाएं शिक्षा को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर बनें। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और आत्मविश्वास बनाए रखने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बालिकाओं को सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा पर ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि आज बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। चुनौतियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से अपने लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। इसके लिए जरूरी है कि वे अपनी क्षमताओं को पहचानें और अवसरों का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में संस्थान के डिस्ट्रिक्ट लीड प्रसून शुक्ला, जिला सलाहकार जय प्रकाश गुप्ता, क्षेत्र समन्वयक अशोक विश्वकर्मा, ब्लॉक समन्वयक इंजीनियर अमन शर्मा, विजय शंकर यादव और रूपा उमर मौजूद रहे।