- शिक्षक निर्वाचन के लिए आठ मतदान स्थल तय- 23 अक्तूबर को होगा गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन का मतदान
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदान की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि 23 अक्तूबर को मतदान होगा। जिले में आठ मतदान स्थल बनाए गए हैं।
पांच मतदान केंद्र तहसील नौगढ़, बांसी, डुमरियागंज, इटवा और शोहरतगढ़ में होंगे। तीन मतदान केंद्र विकास खंड कार्यालय/क्षेत्र पंचायत कार्यालय खेसरहा, बर्डपुर और बढ़नी में बनाए गए हैं। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक बूथ पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। तहसीलवार संबंधित उपजिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
डीएम ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। एसओसी को मतपत्र और स्टेशनरी की बूथवार पैकेटिंग मतदान से एक दिन पहले पूरा कराने को कहा। एआरटीओ को वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सहायक प्रभारी अधिकारी कार्मिक को मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।