डुमरियागंज-बांसी मार्ग पर परसा चौराहे के पास हुआ हादसा
डुमरियागंज। डुमरियागंज-बांसी मार्ग पर परसा चौराहे के पास एक कार ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हुई। युवक ने कार चालक व तीन अज्ञात लोगों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है।
बांसी थाना क्षेत्र के नरकटहा गांव निवासी निशांत यादव ने पुलिस को तहरीर दी। निशांत यादव ने बताया कि 29 सितंबर रात करीब 8:30 बजे वह इलेक्ट्रिक स्कूटी से डुमरियागंज से बांसी जा रहे थे। परसा चौराहे के पास दीप यादव ने तेज व लापरवाही से कार से निशांत की स्कूटी में टक्कर मारी। टक्कर के बाद निशांत ने दीप यादव से बात करने का प्रयास किया। आरोप है कि दीप यादव और तीन अज्ञात लोग कार से उतरकर गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने निशांत के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
थानाध्यक्ष डुमरियागंज प्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर दीप यादव और तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच शुरू कर दी गई है।