नहर में गिरी बस को निकलवा कर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने की जांच
सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र में नहर में पलटी स्कूल बस बिना परमिट और फिटनेस के संचालित हो रही थी। स्टीयरिंग फेल होने के बाद नहर में जा गिरी थी। बस बस्ती जिले में पंजीकृत की बताई गई है।
सोमवार को एआरटीओ और पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि स्कूल वाहन के रूप में संचालित होने के बावजूद जरूरी दस्तावेजों के मानक पूरे नहीं किए गए थे। जांच के बाद पुलिस ने बस को डिड़ई थाने में निरुद्ध कर दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बेलगड़ा स्थित मदरसा जामिया खादीजातुल कुबरा इस्लामिया की बस रविवार को मदरसे के बच्चों को करमहिया चौराहे पर छोड़ने गई थी।
बच्चों को छोड़ने के बाद वापस मदरसे की ओर लौट रही थी बस नदांव गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरी नहर में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में बच्चे नहीं थे।