- पूर्व मध्यमा द्वितीय से उत्तर मध्यमा द्वितीय तक की परीक्षाओं की समय सारिणी जारी
- परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू, दो विद्यालयों ने किया आवेदन
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली संस्कृत बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से प्रस्तावित हैं। पूर्व मध्यमा द्वितीय से उत्तर मध्यमा द्वितीय स्तर तक की परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए चार नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। इस दौरान विभाग को दो आवेदन प्राप्त हुए हैं।
विभाग की ओर से प्राप्त आवेदनों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद इसे परिषद को भेजा जाएगा। परिषद की ओर से परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद केंद्रों को अंतिम रूप दिया जाएगा। पिछले वर्ष जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां करीब एक हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार भी परीक्षार्थियों की संख्या लगभग इतनी ही रहने की उम्मीद है। ऐसे में दो केंद्र बनाए जाने की संभावना है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में एक महाविद्यालय समेत कुल 31 संस्कृत विद्यालय संचालित हैं। इनमें 19 सहायता प्राप्त और शेष वित्तविहीन विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में पूर्व मध्यमा द्वितीय से उत्तर मध्यमा द्वितीय तक के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं यूपी बोर्ड की तर्ज पर परिषद की ओर से कराई जाती हैं।
डीआईओएस अरुण कुमार ने बताया कि संस्कृत बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रक्रिया चल रही है। परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनकी रिपोर्ट तैयार कर परिषद को भेजी जाएगी। इसके बाद बोर्ड की ओर से केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।