सिद्धार्थनगर। शहर के प्रमुख सनई चौराहे पर सुविधाओं के अभाव में राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। करीब दो साल पहले अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ पुलिस बूथ दोबारा नहीं बनाया जा सका है। चौराहे पर शौचालय की सुविधा भी नहीं है। वहीं, लगा वाटर कूलर कई दिनों से खराब पड़ा है। यात्री सड़क किनारे खड़े होकर वाहनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।
चौराहे पर पर्याप्त खाली जगह होने के बावजूद बैठने और छांव की व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पौधरोपण कर पेड़ लगाए जा सकते हैं। खाली जमीन पर आरसीसी फर्श बनाकर पौधे लगाने के साथ बेंच लगाई जाएं तो राहगीरों और स्थानीय लोगों को धूप में बैठने की सुविधा मिल सकती है। चौराहे पर यात्री प्रतीक्षालय की व्यवस्था होने से सड़क पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार कम हो सकता है।
अधूरे नाले से सड़क और दुकानों के सामने जलभराव : शहर के साड़ी तिराहे से सनई चौराहे तक नाला निर्माण कराया गया है लेकिन सनई चौराहे पर नाले को बंद कर दिया गया है। इसके आगे पकड़ी मार्ग पर नाला नहीं होने से सड़क के कई हिस्सों में पानी जमा रहता है।
वहीं, सनई चौराहे से बांसी मार्ग की ओर भी नाला निर्माण नहीं होने से दुकानों के सामने जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय निवासी अमित उपाध्यक्ष, अनिल, इसरार अली, विनोद वर्मा, सोनू अग्रहरि और श्रेयांश गुप्ता ने चौराहे पर शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल और बैठने की व्यवस्था कराने की मांग की। लोगों ने खाली स्थान पर पौधरोपण और बेंच लगाने की भी मांग की है।