सिद्धार्थनगर। बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र पंचायत की बैठक में 3.25 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिलने के साथ ही सड़क और नाली निर्माण के विकास कार्यों को हरी झंडी मिल गई है। लंबे समय से जर्जर सड़कों, जलभराव और आवागमन की समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सड़क निर्माण, नाली निर्माण और जलनिकासी से जुड़े कार्यों के लिए 3.25 करोड़ रुपये के बजट पर मुहर लगाई गई। अधिकारियों के अनुसार बजट स्वीकृत होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा ताकि आगामी महीनों में ग्रामीणों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। बताया गया कि इस बजट से बर्डपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा।
वहीं, नाली निर्माण और मरम्मत से जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। खासकर बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियां कम होंगी। विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करते समय उन गांवों को पहले शामिल किया गया है, जहां सड़क और जलनिकासी की स्थिति सबसे खराब है। विधायन श्यामधनी राही, ब्लॉक प्रमुख वंदना की मौजूदगी में बजट मुहर लगी।