खेसरहा। क्षेत्र के सकारपार चौराहे पर पीएमजीएसवाई सड़क के किनारे अधूरी नालियों ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। नाली न बनने और कुछ स्थानों पर बनने के बाद टूट जाने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे कीचड़ फैल जा रहा है। इससे दुकानदार और राहगीरों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय दुकानदारों ने सड़क पर फैले कीचड़ की शिकायत कई बार जिम्मेदारों से की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला जा सका। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, ब्लाॅक क्षेत्र में स्थित सकारपार चौराहे से धर्मसिंहवा जाने वाले मार्ग पर सकारपार से सप्तीनानकार तक पांच करोड़ 63 लाख की लागत से 6.6 किमी की लंबी सड़क को मंजूरी मिली।
एक वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत इसे बनाया गया, जिसमें आबादी के बीच आरसीसी सड़क और नाली निर्माण कराया जाना था। सड़क बनाने के बाद नाले का निर्माण नहीं कराया गया।
कई दिन से ऐसे हालात होने से कीचड़ जैसी स्थिति हो गई है। इससे लाेगों को आवाजाही में मुसीबत हो रही है जबकि बजट में नाली का निर्माण कराया जाना भी शामिल था।
इस संबंध में पीएमजीएसवाई विभाग के सहायक अभियंता अर्पित सिंह का कहना है कि इस समस्या का स्थलीय निरीक्षण कराकर इसे जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।