- भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की नौगढ़ बी शाखा का मामला, 12 महिलाओं से रुपये लेकर लोन खातों में जमा नहीं करने का आरोप
सिद्धार्थनगर। भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की नौगढ़ बी शाखा के चार कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि कर्मचारियों ने 12 महिलाओं से लोन की किस्त के नाम पर 1.23 लाख रुपये लिए लेकिन रकम उनके खातों में जमा नहीं की। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आपराधिक विश्वासघात समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के कुटिया छितौना गांव निवासी रामबड़ाई यादव भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की नौगढ़ बी शाखा में ब्रांच मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाखा में कार्यरत चार कर्मचारियों ने 12 महिलाओं से कुल 1.23 लाख रुपये वसूले, लेकिन इस रकम को संबंधित महिलाओं के लोन खातों में जमा नहीं किया। आरोप है कि कर्मचारियों ने रुपये अपने पास रख लिए।
तहरीर में नामजद कर्मचारियों में जगदीश निवासी रजौड़ा खुर्द थाना पनियरा, महराजगंज, जतिन मिश्र निवासी लुहसी थाना नौतनवा, महराजगंज, राकेश यादव निवासी सरनगीं थाना पैकोलिया बस्ती और राघवेंद्र पांडेय निवासी कुसुम्ही कुंवर थाना रुधौली, बस्ती शामिल हैं।
एसओ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।