भनवापुर। क्षेत्र सीएचसी सिरसिया में सोमवार को एएनएम, संगिनी और आशाओं की क्लस्टर बैठक आयोजित की गई। अधीक्षक ने निर्देशित किया कि आशा बहुएं लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें तथा आयुष्मान कार्यक्रम के विषय में ग्रामीणों को जागरूक करें, जिससे ग्रामीणों को निशुल्क इलाज का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि आशा बहू 9 माह से 5 साल के बच्चों की सूची बनाकर विटामिन ए सप्लीमेंटेशन कार्यक्रम पर ध्यान दें। अधीक्षक ने बताया कि आशा बहुएं योग्य दंपती का अंतिम मासिक तिथि अपडेट करें, जिससे गर्भवतियों का पंजीकरण एक माह सात दिन के भीतर करते हुए खाने के लिए फोलिक एसिड उपलब्ध करवाया जा सके और नवजात शिशु में होने वाले न्यूरोलॉजिकल परेशानी से बचाया जा सके। अधीक्षक ने एएनएम व संगिनी को निर्देशित किया कि आशा बहुओं के कार्यों का भौतिक सत्यापन करे तथा पाई गई कमी को मौके पर ही दूर करवाएं।
बीसीपीएम मेराज अहमद ने बताया कि आशा बहुएं परिवार नियोजन के उपायों का प्रचार-प्रसार करें तथा लाभ दिलवाएं। एचईओ राजीव त्रिपाठी एवं बीएमसी सूर्यदेव सिंह ने आशा बहुओं को ड्यू लिस्ट बनाने के लिए प्रशिक्षित किया तथा कहा कि टीकाकरण के 2-3 दिन पूर्व ड्यू लिस्ट तैयार करें।