बिस्कोहर। क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर करीब डेढ़ बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
हालांकि, बारिश स्कूली बच्चों के लिए परेशानी लेकर आई। बारिश शुरू होने के कुछ ही देर बाद क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में छुट्टी हो गई। अचानक तेज बारिश होने के कारण कई बच्चे बिना छाता और बरसाती के ही घर जाने को मजबूर हुए। साधन नहीं मिलने पर बच्चे सड़क पर पानी के बीच भीगते हुए घर लौटे।
बारिश में बच्चों के बस्ते, किताबें और कॉपियां भीग गईं। कई बच्चों ने सिर पर बैग रखकर खुद को बारिश से बचाने का प्रयास किया। अभिभावकों ने बताया कि अचानक मौसम बदलने से बच्चों को काफी परेशानी हुई। लंबे समय से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए बारिश राहत लेकर आई। बारिश के बाद बाजार और आसपास के इलाकों में मौसम खुशनुमा हो गया।