फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: नेपाल के रेल और हवाई संपर्क को मिलेगी नई रफ्तार, भारत के साथ बनी सहमति

Tue, 24 Nov 2026 11:32 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
- रक्सौल-काठमांडो विद्युतीकृत रेलमार्ग के फील्ड लोकेशन सर्वे को अंतिम रूप, पूर्व-पश्चिम रेलवे के विकास में भी भारत करेगा सहयोग
विज्ञापन

- भैरहवा एयर रूट खुलने से अंतरराष्ट्रीय विमानों को सिमरा के साथ पश्चिमी नेपाल से प्रवेश की सुविधा, उड़ान का समय और खर्च घटने की उम्मीद
खुनुवां (सिद्धार्थनगर)। नेपाल और भारत के बीच परिवहन संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रेल और हवाई संपर्क विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। इन फैसलों से नेपाल के परिवहन नेटवर्क को नई दिशा मिलने के साथ भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी आवागमन और व्यापार की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।
इसके साथ ही नेपाल के पूर्व-पश्चिम रेलवे के विकास में भारत ने सहयोग की प्रतिबद्धता जताई है। एक ओर प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडो विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेलमार्ग के फील्ड लोकेशन सर्वे को अंतिम रूप देने की घोषणा हुई है, वहीं दूसरी ओर भैरहवा एयर रूट खोलने पर सहमति बनी है।
विज्ञापन

रक्सौल-काठमांडो रेलमार्ग के फील्ड लोकेशन सर्वे को अंतिम रूप दिए जाने से भारत के बिहार स्थित रक्सौल को नेपाल की राजधानी काठमांडो से रेलमार्ग के जरिये जोड़ने की परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता मजबूत हुआ है। लगभग 136 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रेलमार्ग से नेपाल के पर्सा, बारा, रौतहट, मकवानपुर, ललितपुर और काठमांडो जिले जुड़ेंगे। इसके अलावा पूर्व-पश्चिम रेलवे के विकास में भारत का सहयोग नेपाल के भीतर रेल नेटवर्क के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के पूर्व महानिदेशक राजकुमार क्षेत्री के अनुसार भैरहवा एयर रूट से विमानों को नेपाल में प्रवेश का वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया से काठमांडो आने वाली उड़ानों को करीब 15 मिनट तक समय की बचत हो सकती है। भैरहवा और पोखरा जाने वाले विमानों को इसका और अधिक लाभ मिलेगा। इससे विमानन कंपनियों की संचालन लागत भी कम होगी।
-
भैरहवा एयर रूट से पश्चिमी नेपाल को मिलेगी सीधी राह
- अब तक विदेशों से नेपाल आने वाले विमानों के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र से सिमरा प्रमुख प्रवेश मार्ग रहा है। इसके कारण पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व से आने वाले विमानों को लंबा रास्ता तय कर नेपाल में प्रवेश करना पड़ता था। भैरहवा और पोखरा जाने वाले विमानों को सिमरा पहुंचने के बाद पश्चिम की ओर मुड़ना पड़ता था। इससे भैरहवा के लिए करीब 200 से 300 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। भैरहवा एयर रूट उपलब्ध होने से अंतरराष्ट्रीय विमानों को सिमरा के साथ पश्चिमी नेपाल की ओर से भी नेपाली हवाई क्षेत्र में प्रवेश का विकल्प मिलेगा।

भारतीय शहरों से हवाई संपर्क भी होगा आसान
- सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह बताते हैं कि भैरहवा एयर रूट खुलने से भारत और नेपाल के बीच क्षेत्रीय हवाई संपर्क विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। फिलहाल बुद्ध एयर काठमांडो से वाराणसी के बीच नियमित उड़ान संचालित करती है। नेपाल से वाराणसी जाते समय विमान भैरहवा मार्ग का इस्तेमाल करता है लेकिन वापसी में उसे सिमरा होकर आना पड़ता है। नया मार्ग लागू होने के बाद दोनों तरफ से कम दूरी का हवाई रास्ता उपलब्ध हो सकेगा। इससे भैरहवा और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को भारत के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन और व्यावसायिक शहरों से जोड़ने में सहूलियत होगी। खासकर लुंबिनी आने वाले भारतीय और विदेशी बौद्ध तीर्थयात्रियों तथा पोखरा पहुंचने वाले पर्यटकों को इसका लाभ मिल सकता है।

तकनीकी सहमति के बाद आगे बढ़ेगी व्यवस्था
- भैरहवा एयर रूट को पूरी तरह लागू करने के लिए कुछ तकनीकी पहलुओं पर सहमति बनना बाकी है। इनमें विमानों के प्रवेश की ऊंचाई यानी फ्लाइट लेवल और भैरहवा हवाई अड्डे पर लगे इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) तथा एप्रोच पाथ का संचालन प्रमुख हैं। भारत-नेपाल सीमा से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित भैरहवा हवाई अड्डे के संचालन को देखते हुए इन तकनीकी व्यवस्थाओं का समाधान जरूरी होगा।
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार, किसी देश के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने पर विमानन कंपनियों को नेविगेशन और एयर रूट शुल्क देना पड़ता है। नया मार्ग उपलब्ध होने से विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र में अतिरिक्त दूरी तय करने की जरूरत कम होगी। इससे विमानन कंपनियों की लागत घटने के साथ नेपाल के हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल से उसे राजस्व मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
-
रक्सौल-काठमांडो रेल परियोजना : अब तक का सफर
- 31 अगस्त 2018 : प्रारंभिक इंजीनियरिंग और यातायात सर्वेक्षण के लिए भारत-नेपाल के बीच समझौता।
- सात अक्तूबर 2021 : फाइनल लोकेशन सर्वे कराने पर सहमति।
- 13 फरवरी 2022 : भारतीय तकनीकी टीम ने नेपाल में स्थलीय सर्वेक्षण शुरू किया।
- जुलाई 2023 : कोकण रेलवे कॉरपोरेशन ने नेपाल सरकार को सर्वे रिपोर्ट सौंपी।
- नवंबर 2026 : प्रधानमंत्री स्तर की वार्ता में फील्ड लोकेशन सर्वे को अंतिम रूप देने की घोषणा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें