सिद्धार्थनगर। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की ओर से बृहस्पतिवार को विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष राजेंद्र भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों के लिए सामाजिक न्याय, समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व की मांग उठाई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि महिला आरक्षण और नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के तहत महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण में कोटे के अंदर कोटा की व्यवस्था करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, ओबीसी समाज को लोकसभा और विधानसभाओं में उचित एवं प्रभावी राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने समेत अन्य मांगें भी उठाईं। उन्होंने मांगों को लेकर आवश्यक कानून बनाकर व्यवस्था को लागू करने की मांग की। इस दौरान शिवचंद भारती, शमीम अख्तर, नौशाद आलम, कालीचरन, मासूम अली, शिव कुमार, जीतेंद्र और प्रभुनाथ गौतम समेत आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।